ईश्वर, जो सभी अवतारों का प्रकटकर्ता है, सभी उद्गमों का मूल है, समस्त धर्मों का जनक है, समस्त प्रकाशपुंजों का स्रोत है, मैं साक्षी देता हूँ कि तेरे नाम से बोध का आकाश विभूषित हुआ है, वाणी का महासिंधु उमड़ा है और समस्त धर्मों के मानने वालों के मध्य तेरे मंगलविधान का शासन लागू हुआ है।
मैं याचना करता हूँ तुझसे कि मुझे इतना समृद्ध बना कि मैं तेरे सिवा अन्य सब कुछ से मुक्त हो जाऊँ और तेरे अतिरिक्त अन्य किसी पर आश्रित न रहूँ। तब मुझ पर अपनी कृपा के मेघों की वह बरखा बरसा जो तेरे लोकों के प्रत्येक लोक में लाभकारी हो। तब अपनी शक्तिदायिनी अनुकम्पा द्वारा मेरी सहायता कर कि मैं तेरे सेवकों के मध्य तेरे धर्म की सेवा कर सकूँ और कुछ ऐसा कर दिखाऊँ कि जब तक तेरा साम्राज्य और तेरी सम्प्रभुता है तब तक मैं याद किया जाऊँ।
यह तेरा सेवक है, हे मेरे स्वामी ! जो तेरी कृपा के क्षितिज और तेरे उपहारों के आकाश की ओर पूर्ण समर्पण के साथ उन्मुख हुआ है।
तू सत्य ही, शक्ति और सम्पन्नता का स्वामी है। तू उन सबकी सुनता है जो तेरा गुणगान करते हैं। तेरे अतिरिक्त अन्य कोई ईश्वर नहीं, तू सर्वज्ञ सर्वप्रज्ञ है।
- बहाउल्लाह