Return to BahaiPrayers.net
Facebook
(आध्यात्मिक सभा की बैठक की समाप्ति पर यह प्रार्थना करें)
हे ईश्वर! मेरे ईश्वर! अपनी एकता के अदृश्य साम्राज्य से तू देखता है कि तुझमें सम्पूर्ण आस्था, तेरे चिन्हों में सम्पूर्ण विश्वास के साथ और तेरी संविदा एवं इच्छा के प्रति अडिग होकर, तेरे प्रति आकर्षित होकर, तेरे प्रेम की अग्नि से प्रदीप्त, तेरे धर्म के प्रति निष्ठावान बन हम इस आध्यात्मिक सभा में एकत्रित हुए। हम तेरी बगिया के सेवक हैं, तेरे धर्म के प्रसारक, तेरे मुखारबिंदु के प्रति समर्पित साधक, तेरे प्रियजनों के प्रति विनम्र, तेरे द्वार पर विनत हैं और तुझसे याचना करते हैं कि अपने प्रियजनों की सेवा करने का अवसर दे, शक्ति दे कि हम तेरी आराधना कर सकें, तेरे प्रति समर्पित रह सकें और तुझसे सम्भाषण कर सकें।
हे हमारे स्वामी! हम निर्बल हैं, तू सबल है; हम प्राणविहीन हैं, तू प्राणाधार चेतना है; हम अभावों से घिरे हैं, तू दाता, रक्षक, शक्तिशाली है।
हे हमारे स्वामी! अपने कृपालु मुखारविन्द की ओर हमें उन्मुख कर, अपनी असीम कृपा से, अपने दिव्य सहभोज में हमें सम्मिलित कर, अपने सर्वोपरि देवदूतों द्वारा हमें सहायता दे और आभालोक के साम्राज्य के पावन जनों के द्वारा हमारी सेवा को स्वीकार कर।
सत्य ही, तू उदार और कृपालु है; उदारताओं का स्वामी है। सत्य ही, तू क्षमाशील और करुणामय है।
- `Abdu'l-Bahá