Return to BahaiPrayers.net
Facebook
हे ईश्वर, मेरे ईश्वर! अपनी कृपा और उदारता से मुझे शोक से मुक्त कर दे और अपनी सत्ता और शक्ति से मेरी वेदना को दूर कर दे। हे मेरे ईश्वर! तू देख रहा है कि मैं ऐसे समय में तेरी ओर उन्मुख हूँ जब दुःखों ने मुझे चहुँओर से घेर लिया है। तू स्वामी समस्त अस्तित्व का है, सभी दृश्य तथा अदृश्य पदार्थों पर तेरी छत्रछाया है। मैं याचना करता हूँ तुझसे, तेरे उस नाम पर, जिसके द्वारा तूने मानव-हृदय और आत्माओं को अपने अधीन किया है। मैं याचना करता हूँ तेरी दया के महासागर की उन तरंगों के नाम पर और तेरी असीम कृपालुता के दिवानक्षत्र की प्रभा के नाम पर, कि तू मेरी गिनती उनमें कर जिन्हें कोई भी वस्तु तेरी ओर उन्मुख होने से रोक नहीं सकी है। हे तू जो सभी नामों का स्वामी, आकाशों का सृजनकर्ता है। हे मेरे स्वामी तू देख रहा है जो तेरे दिवसों में मुझ पर आन पड़ा है। उसके द्वारा मैं तुझसे प्रार्थना करता हूँ जो तेरे नामों का अरुणोदय और तेरे गुणों का उद्गम स्थल है, कि मेरे लिये उसका विधान कर जो मुझे तेरी सेवा में उठ खड़े होने और तेरी महिमा की स्तुति करने के योग्य बना दे। वस्तुतः, तू ही सर्वसामर्थ्यवान, सर्वशक्तिशाली है, जो सबकी प्रार्थना सुनता है। तेरे मुखारविन्द के प्रकाश के नाम पर मैं तुझसे याचना करता हूँ कि मुझे मेरे कार्यों में सिद्धि दे, मुझे ऋण-मुक्त कर और मेरी आवश्यकताओं को पूरा कर। तू वह है, जिसकी शक्ति और जिसकी सत्ता का प्रमाण प्रत्येक जिह्वा ने दिया है, जिसकी विभूति और जिसकी प्रभुसत्ता को प्रत्येक विवेकयुक्त हृदय ने स्वीकारा है। तेरे अतिरिक्त अन्य कोई ईश्वर नहीं, जो सबकी सुनता है, सबका दुःखहर्ता है।
- Bahá'u'lláh