Return to BahaiPrayers.net
Facebook
हे मेरे ईश्वर, तू भलीभांति जानता है कि सभी दिशाओं से मुझ पर विपदायें टूट पड़ी हैं और तेरे अतिरिक्त अन्य कोई नहीं जो उन्हें दूर कर सकता है या कम ही कर सकता है। तेरे प्रति अपने प्रेम के कारण मैं अच्छी तरह जानता हूँ कि तू किसी भी आत्मा को तब तक विपदाग्रस्त नहीं करता जब तक तू अपने पावन स्वर्ग में उसके स्थान को ऊँचा करने का निर्णय नहीं ले लेता या जब तक यह भौतिक जीवन जीने के लिये उसके हृदय को सशक्त करने का तेरा इरादा नहीं होता। अपनी शक्ति के से तू ये सुरक्षा-कवच उसे इसलिये प्रदान करता है कि दुनिया के मिथ्या अभिमान के प्रति उसका झुकाव न हो जाये। यह सच है और तू भलीभाँति इससे परिचित भी है कि दुनिया और आसमानों के समस्त सुख से भी अधिक तेरे नाम के स्मरण में मैं प्रसन्नता का अनुभव करता हूँ।
हे मेरे ईश्वर, अपने प्रेम और अपनी आज्ञाओं के पालन में मेरे हृदय को सशक्त कर और ऐसा कर दे कि तेरे विरोधियों की छाया से मैं पूरी तरह दूर रह सकूँ। सत्य ही, मैं तेरी महिमा के नाम पर सौगन्ध लेता हूँ कि तेरे अतिरिक्त किसी अन्य की समीपता की कामना मैं नहीं करता और न ही तेरी दया के अतिरिक्त किसी अन्य की दया का पात्र ही बनना चाहता हूँ, न ही मुझे तेरे न्याय के अतिरिक्त किसी अन्य से न्याय पाने की अभिलाषा है।
तू परम् उदार है, हे आसमानों और धरा के ईश्वर, समस्त मानवों की स्तुति से परे तेरे आज्ञाकारी सेवकों को शांति प्राप्त हो और ईश्वर की महिमा बढ़े, तू ही सभी लोकों का स्वामी है!
- The Báb